आरा | भोजपुर जिले की सभी सात विधानसभा सीटों पर एनडीए की रिकॉर्ड जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी भोजपुर ने जिले की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया है। जिलाध्यक्ष दुर्गा राज के नेतृत्व में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने विजय के लिए मतदाताओं, चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन को धन्यवाद दिया।

भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा राज ने कहा कि जिले की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व एवं उनके विकास कार्यों पर भरोसा जताते हुए एनडीए को पूर्ण समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत—विकसित बिहार” के संकल्प को मजबूत करने के लिए जनता ने एकजुटता से मतदान किया है, जिसके लिए भोजपुर की जनता विशेष आभार की पात्र है।
इधर भाजपा जिला मीडिया प्रमुख संजय कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत को “ऐतिहासिक चुनाव और ऐतिहासिक परिणाम” बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की जागरूक जनता, विशेषकर महिलाओं और युवाओं ने जातिगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास के मुद्दों पर मतदान किया है। इसका परिणाम है कि आज राज्य में एनडीए ने भारी जीत दर्ज की है।
उन्होंने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है और हमेशा देश को संदेश देती रही है। इस बार जनता ने विकसित बिहार के संकल्प को समर्थन देकर एक नया इतिहास रचा है। अब बिहार को विकसित राज्य बनाने से कोई नहीं रोक सकता।
ज्ञात हो कि भोजपुर में पहली बार सातों विधानसभा सीटों पर एनडीए ने विजय पताका फहराई है। जिले में दोहरी दिवाली और होली जैसा उत्सव माहौल देखने को मिल रहा है। लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं और पूरे जिले में जश्न का माहौल है।