आरा में संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती समारोह आयोजित, सम्मान समारोह बना मुख्य आकर्षण

आरा, भोजपुर (बिहार), 8 फरवरी 2026: चंदवा, आरा स्थित सामुदायिक भवन में रविवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास संस्थान, आरा के बैनर तले जिला स्तरीय रविदास जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आए रविदास समाज के श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

समारोह की शुरुआत संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा ‘साहेब बंदगी’ के साथ श्रद्धा निवेदन से की गई। उपस्थित वक्ताओं ने बारी-बारी से गुरु रविदास जी की जीवनी, उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में उनके योगदान और समानता के संदेश को याद किया।

कार्यक्रम के अगले चरण में जयंती समारोह सम्मान समारोह में परिवर्तित हो गया। संस्थान के पदाधिकारियों एवं आमंत्रित अतिथियों को फूलमाला एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।

हालांकि कार्यक्रम के संदर्भ में कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों ने यह प्रश्न भी उठाया कि संत रविदास जी के समानता और समरसता के सिद्धांतों के अनुरूप समाज के गरीब, बेसहारा और उपेक्षित वर्गों को भी मंच पर प्राथमिकता और सम्मान मिलना चाहिए था। उनका मानना है कि संत रविदास जी का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और समान अवसर पहुंचाने का रहा है।

कार्यक्रम का समापन पारस्परिक अभिवादन और ‘साहेब बंदगी’ के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *