धार्मिक और वैदिक परंपराओं के बीच सम्पन्न हुआ संस्कार, डीएम ने देश सेवा का दिया संदेश |

जमुई/लखीसराय। लखीसराय जिले के प्रसिद्ध इंद्रमदणेश्वर महादेव मंदिर, अशोकधाम में सोमवार को एक विशेष उपनयन संस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें इंडियन आर्मी में पदस्थ इंजीनियर विवेक राज ने वैदिक परंपराओं के अनुसार जनेऊ धारण किया।

संस्कार के इस शुभ अवसर पर लखीसराय के जिलाधिकारी मिथलेश मिश्रा, डीडीसी सुमित कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने विवेक राज को तिलक कर शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु व सफल जीवन की कामना की।

विवेक राज, लखीसराय जिले के सायरबीघा गांव निवासी अजय कुमार सिंह और पप्पी देवी के पुत्र हैं तथा वर्तमान में उत्तर प्रदेश के बम्हरौली, प्रयागराज स्थित इंडियन आर्मी कैंप में अभियंता के पद पर कार्यरत हैं।

इस मौके पर जमुई निवासी एवं राज्य उद्घोषक डॉ. निरंजन कुमार, जो विवेक राज के मामा हैं, ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने सभी अतिथियों का अभिनंदन किया और उपनयन संस्कार की परंपरा को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में डॉ. (प्रो.) सुनील कुमार, ई. शंभू शरण (पूर्व जिलाध्यक्ष, जदयू), शिक्षक अनिल कुमार सिंह, प्रधानाध्यापक मनोज, विजय कुमार, अवधेश कुमार, पिंटू, मृत्युंजय, निकेश समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

संस्कार में वैदिक विधि से मंडप सजाया गया, मुंडन, हल्दी और स्नान के बाद जनेऊ धारण कराया गया। इस संस्कार को हिंदू धर्म के 16 संस्कारों में एक महत्वपूर्ण संस्कार माना जाता है, जिससे बालक के जीवन में अध्यात्म और अध्ययन के प्रति जागरूकता आती है।

डीएम मिथलेश मिश्रा ने इस अवसर पर विवेक राज से संवाद कर उन्हें निष्ठा से देश सेवा करने का संदेश दिया।