आरा में टेम्पो चालकों के आंदोलन को माले नेता क़ैयूमुद्दीन अंसारी का मजबूत समर्थन

आरा, भोजपुर। टेम्पो चालक राजा को न्याय दिलाने और टेम्पो चालकों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन में माले नेता क़ैयूमुद्दीन अंसारी की भूमिका बेहद अहम बनकर सामने आई है। माले नेता क़ैयूमुद्दीन अंसारी ने मौके पर पहुंचकर टेम्पो चालकों का खुलकर समर्थन किया और उनकी मांगों को जायज बताया।

क़ैयूमुद्दीन अंसारी ने कहा कि टेम्पो चालक राजा के साथ जो हुआ, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को चाहिए कि राजा का समुचित इलाज सरकारी खर्च पर कराए और उसके परिवार को उचित मुआवजा दे। उन्होंने कहा कि टेम्पो चालक शहर की यातायात व्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें लगातार प्रशासनिक दबाव और शोषण का सामना करना पड़ रहा है।

माले नेता ने टेम्पो चालकों को आश्वस्त किया कि उनकी लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी। उन्होंने स्थायी टेम्पो स्टैंड की व्यवस्था, एक नगर–एक टैक्स लागू करने, डीटीओ की मनमानी पर रोक लगाने और टेम्पो चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को मजबूती से उठाया।

क़ैयूमुद्दीन अंसारी की सक्रिय भूमिका से टेम्पो चालकों में नया उत्साह देखने को मिला। चालकों ने उम्मीद जताई कि उनके समर्थन से प्रशासन पर दबाव बनेगा और उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *