आरा में युवक पर जानलेवा हमला, पीठ में चाकू का गहरा वार; हालत गंभीर

आरा, भोजपुर | 13 फरवरी 2026

बिहार के आरा शहर में गुरुवार रात करीब 9 बजे एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना बरहरा विधानसभा क्षेत्र के केशवपुर गांव, थाना बड़हरा इलाके की बताई जा रही है। हमले में करीब 30 वर्षीय युवक सुजीत गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए बाबू बाजार स्थित डॉ. विकास सिंह के पास भर्ती कराया गया है।

डॉक्टर का बयान: “गोली नहीं, पीठ में लंबा चाकू का घाव”

इलाज कर रहे डॉ. विकास सिंह ने बताया कि युवक को गोली नहीं लगी है, बल्कि उसकी पीठ में काफी लंबा चाकू का गहरा निशान है। अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है और लगातार इलाज जारी है। डॉक्टर के अनुसार 8 से 4 यूनिट तक रक्त चढ़ाने की संभावना है। फिलहाल मरीज की हालत गंभीर बनी हुई है।

बड़े भाई का आरोप: शराब के नशे में घर में झांकने पर हुआ विवाद

घायल युवक के बड़े भाई सूरज ने बताया कि घटना केशवपुर गांव की है। उनके घर के बगल में एक टेंट हाउस है। रात में एक युवक शराब के नशे में वहां आया और हाथ में शराब की बोतल लिए इधर-उधर झांक रहा था। उस समय टेंट हाउस में कोई मौजूद नहीं था।

सूरज के अनुसार, सुजीत घर के बाहर बैठा था। उसने आरोपी से पूछा कि अंदर क्यों झांक रहे हो। इस पर आरोपी ने आवाज धीमी कर बात करने को कहा और खुद को पहचानने की धमकी दी। बात बढ़ने पर आरोपी ने पहले थप्पड़ मारा, जिसके जवाब में सुजीत ने भी दो-तीन थप्पड़ मार दिए।

आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने धमकी दी कि “अभी गोली मरवाता हूं।” कुछ ही देर में हमला कर दिया गया, जिसमें सुजीत गंभीर रूप से घायल हो गया।

आरोपी गांव का ही, दो गिरफ्तार

परिवार का कहना है कि आरोपी गांव केशवपुर का ही रहने वाला है, हालांकि सूरज दिल्ली में रहते हैं और वह उसे व्यक्तिगत रूप से नहीं पहचानते। स्थानीय लोगों के मुताबिक दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया है।

पुलिस जांच जारी

घटना बिहार के भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र में हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

फिलहाल घायल युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। परिवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *