बक्सर में कांग्रेस का ‘नेशनल टैलेंट हंट’ लॉन्च, जमीनी नेतृत्व तैयार करने का संकल्प

बक्सर, 13 फरवरी 2026।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और नए नेतृत्व को आगे लाने के उद्देश्य से ‘नेशनल टैलेंट हंट’ कार्यक्रम का बक्सर जिला स्तर पर औपचारिक शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आयोजन बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में किया गया।

जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए इसे “तानाशाही सोच के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष की ऐतिहासिक पहल” बताया। प्रेस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल सत्ता की राजनीति नहीं करती, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

“लोकतंत्र की धरती से फिर उठेगी जनता की आवाज”

डॉ. पांडे ने कहा कि बिहार की धरती ने देश को लोकतंत्र की दिशा दी है और आज उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस जनता की आवाज बुलंद करने के लिए संकल्पित है। उनके अनुसार, ‘नेशनल टैलेंट हंट’ कार्यक्रम का उद्देश्य गांव-गांव और टोला-टोला से ऐसे युवाओं व जागरूक नागरिकों को सामने लाना है, जो जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से खड़े हो सकें।

उन्होंने कहा, “यह सिर्फ प्रतिभा खोज कार्यक्रम नहीं, बल्कि वैचारिक और राजनीतिक प्रशिक्षण का मंच है। यहां युवाओं को राजनीतिक समझ, जनसंवाद की क्षमता और वैचारिक स्पष्टता दी जाएगी, ताकि वे जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर जनता के सवाल बेखौफ उठा सकें।”

सरकारों पर तीखा हमला

जिला अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में बेरोजगारी चरम पर है, किसान संकट में हैं, महिलाएं असुरक्षित हैं और महंगाई आम आदमी की थाली पर असर डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारें सवालों से बच रही हैं और विरोध की आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

“पारदर्शी और समावेशी होगा कार्यक्रम”

डॉ. पांडे ने स्पष्ट किया कि ‘नेशनल टैलेंट हंट’ पूरी तरह पारदर्शी, समावेशी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संचालित होगा। इसमें जाति, वर्ग, धर्म या क्षेत्र के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा और समाज के हर वर्ग को समान अवसर दिया जाएगा।

उन्होंने युवाओं, छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से अभियान से जुड़ने की अपील की।

प्रमुख उपस्थिति

कार्यक्रम में संजय कुमार पांडे, संजय कुमार दुबे, रोहित उपाध्याय, श्रीमती कुमकुम देवी, त्रियोगी नारायण मिश्रा, महेंद्र चौबे, विकास कुमार विकास, अजय यादव और राकेश यादव सहित कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अंत में जिला अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले समय में यह कार्यक्रम बक्सर में नई राजनीतिक चेतना और नेतृत्व की मजबूत नींव रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *