जमशेदपुर | हेमंत सोरेन सरकार की कानून-व्यवस्था के खिलाफ जमशेदपुर महानगर जिला की ओर से शुक्रवार को जमशेदपुर पुलिस मुख्यालय के बाहर ज़ोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य में बढ़ते अपराध, महिलाओं की असुरक्षा और प्रशासन की कथित निष्क्रियता को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाज़ी की।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता, खासकर महिलाएं व व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। इसके बावजूद सरकार और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।

महानगर जिला के नेताओं ने कहा कि राज्य में दिन-दहाड़े हत्या, लूट, चोरी और छेड़छाड़ जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए थे। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपते हुए अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
इस आक्रोश प्रदर्शन के माध्यम से सरकार को स्पष्ट संदेश दिया गया कि यदि कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो जन आंदोलन के माध्यम से सरकार को जवाबदेह बनाया जाएगा।