आरा, 28 फरवरी। शहर में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सक्रिय सनातन योग संस्थान आरा द्वारा शुक्रवार देर रात मिश्र टोला में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। पारंपरिक फगुआ गीतों और रंग-अबीर की खुशबू से सराबोर इस आयोजन ने पूरे इलाके को उत्सवी माहौल में रंग दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक होली गीतों से हुई। संस्थान के सचिव एवं प्रख्यात गायक विशेश्वर लाल सिन्हा ने अपनी मधुर आवाज में फगुआ गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। “रंग बरसे चुनरिया अंगना में” और “पीछे ली हरदिया ब्रिज में होली खेले रंग रसिया” जैसे लोकगीतों की प्रस्तुति पर उपस्थित लोग झूम उठे।
समारोह में शामिल सभी अतिथियों को भोजपुर की पहचान ‘गमछा’ भेंट कर सम्मानित किया गया। रंग-अबीर के साथ-साथ पारंपरिक मिष्ठान मालपुआ और ठंडई की विशेष व्यवस्था ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया।

संस्थान के सदस्यों ने बताया कि वे वर्षभर रमना मैदान में नियमित योगाभ्यास करते हैं। जाड़ा, गर्मी या बरसात—हर मौसम में सदस्य एक परिवार की तरह एकत्र होकर योग साधना के साथ-साथ सभी प्रमुख त्योहारों और लोक परंपराओं को उत्साहपूर्वक मनाते हैं।
कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चियों की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। उनकी लोकगीत प्रस्तुतियों ने आयोजन को पारिवारिक और सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
संस्थान लोक परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक एकता को मजबूत करने की दिशा में सतत प्रयासरत है। विशेष बात यह है कि इसमें अधिकांश सदस्य सेवानिवृत्त नागरिक हैं, जिनकी पारिवारिक सहभागिता भी उल्लेखनीय है।
प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
अध्यक्ष विनय ओझा, सचिव विशेश्वर लाल सिन्हा, कोषाध्यक्ष जीतन पाण्डेय, अजय कुमार, अशोक सिंह, लाल सिंह, सुमेश्वर लाल, विजय सिंह, राधामोहन मिश्रा, अनिल सिंह, प्रीति, विभा, मनीषा, रूपा, जया, पलक, साधुआईन, पुष्पा, बेबी और कंचन वर्मा सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।
आरा में पारंपरिक होली की खुशबू, लोकगीतों की मधुरता और सामूहिक उत्साह का यह सुंदर संगम देर रात तक लोगों को उत्सव के रंग में डुबोता रहा।